नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ा दी हैं। कंपनी ने पेट्रोल के दाम में ₹5 प्रति लीटर और डीजल में ₹3 प्रति लीटर का इजाफा किया है। नई कीमतें शनिवार सुबह से ही लागू हो गई हैं। इस बढ़ोतरी के बाद भोपाल में एक लीटर पेट्रोल ₹119.54 और डीजल ₹102.64 का हो गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में आई तेजी के बाद रिटेल कीमतों और बढ़ती लागत के बीच के अंतर को कम करने के लिए यह फैसला लिया गया है। साल के शुरुआत में भी बढ़े थे दाम, बाद में कम किए इस साल की शुरुआत में जब ईरान संघर्ष के कारण ग्लोबल एनर्जी सप्लाई प्रभावित हुई थी, तब कंपनी ने 26 मार्च को भी पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा कर दिया था। हालांकि, बाद में जब पश्चिम एशिया में तनाव कम हुआ और अंतरराष्ट्रीय क्रूड के दाम घटे, तो कंपनी ने 1 जुलाई को पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर सस्ता कर दिया था। सरकारी कंपनियों ने नहीं बढ़ा दाम अभी सरकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं जियो ने भी अभी कोई बदलाव नहीं किया है। सरकारी तेल कंपनियों को हर दिन ₹530 करोड़ का नुकसान: इकरा रेटिंग एजेंसी इकरा (ICRA) की रिपोर्ट के अनुसार सितंबर महीने में कच्चे तेल के दाम बढ़ने के बावजूद भारत में रिटेल कीमतें स्थिर रहने से सरकारी तेल कंपनियों को घाटा हो रहा है। इकरा का अनुमान है कि सरकारी तेल कंपनियों जैसे इंडियन ऑइल, HP और BPCL को पेट्रोल पर करीब ₹8 और डीजल पर ₹9 लीटर का नुकसान हो रहा है। इकरा के अनुसार, तेल कंपनियों को पेट्रोल, डीजल और LPG मिलाकर रोजाना करीब ₹530 करोड़ का नुकसान हो रहा है। सरकारी कंपनियों ने मई में की थी बढ़ोतरी प्राइवेट कंपनी के दाम बढ़ाने के बाद सरकारी तेल कंपनियों ने भी कीमतें बढ़ाई थीं। मई में IOC, BPCL और HPCL ने महंगे अंतरराष्ट्रीय क्रूड का हवाला देते हुए किस्तों में पेट्रोल और डीजल दोनों के दामों में कुल ₹7.50-₹7.50 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। देश के 1 लाख से ज्यादा पेट्रोल पंपों में से 90% से अधिक पर इन तीनों सरकारी कंपनियों का नियंत्रण है। ——————————————————– पेट्रोल-डीजल से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… रिलायंस और नायारा ने पेट्रोल-डीजल की बिक्री सीमित की:क्रूड 107 डॉलर पार होने से घाटा बढ़ा; नायरा पंपों पर एक गाड़ी में सिर्फ 200L डीजल मिलेगा महंगे कच्चे तेल और स्थिर रिटेल कीमतों की वजह से रिलायंस-बीपी और नायरा एनर्जी जैसी प्राइवेट कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल की बिक्री सीमित कर दी है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक नायारा के आउटलेट्स पर अब एक गाड़ी में अधिकतम 200 लीटर डीजल और 30 लीटर पेट्रोल ही भरा जा रहा है। वहीं रिलायंस ने कितनी बिक्री पर पाबंदी लगाई है ये साफ नहीं है। पूरी खबर पढ़ें…
Source: Click here