85% एथेनॉल से चलने वाली वैगन-आर ₹7.24 लाख में मिलेगी:पेट्रोल मॉडल से ₹86,000 महंगी; यह देश की पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार

Spread the love

मारुति सुजुकी ने सोमवार को भारत में पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार वैगन-आर बायोफ्लेक्स लॉन्च कर दी है। यह E85 फ्यूल (85% एथेनॉल मिक्स पेट्रोल) से चलेगी। कार की शुरुआती कीमत 7.24 लाख रुपए रखी गई है और यह दो वैरिएंट में मिलेगी। E85 वैगन-आर स्टैंडर्ड मॉडल से ₹86 हजार महंगी है। वहीं, कॉमर्शियल सेगमेंट में मिलने वाली टूर H3 के मुकाबले इसकी कीमत ₹1.35 लाख से ₹2.25 लाख तक ज्यादा है। वैगन-आर टूर H3 की कीमत 4.99 लाख से 5.89 लाख रुपए के बीच है। फिलहाल इसे टैक्सी और फ्लीट जैसे कमर्शियल सेक्टर के लोग ही खरीद सकेंगे। मारुति वैगन-आर बायो फ्लेक्स स्टैंडर्ड मॉडल से ₹86,000 महंगा नए ईंधन के लिए कई पार्ट्स में बदलाव हुआ कार का बाहरी डिजाइन रेगुलर वैगन-आर की तरह ही है, लेकिन E85 फ्यूल पर चलाने के लिए इसके इंजन और पार्ट्स में तकनीकी बदलाव किए गए हैं। कंपनी ने इसमें अपग्रेडेड फ्यूल इंजेक्टर्स, नया फ्यूल पंप, नई फ्यूल लाइन्स, री-कैलिब्रेटेड ECU और एक स्पेशल एथेनॉल सेंसर लगाया है। 5 पॉइंट्स में जानिए फ्लेक्स-फ्यूल कार के बारे में सबकुछ… 1. परफॉर्मेंस: 1.2-लीटर फ्लेक्स-फ्यूल पेट्रोल इंजन फ्लेक्स फ्यूल वैगन-आर में मौजूदा 1.2-लीटर यानी 1200 CC के इंजन को ही मॉडिफाई किया गया है। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर इसका परफॉर्मेंस डेटा जारी नहीं किया है, लेकिन खबर है कि यह रेगुलर पेट्रोल इंजन से थोड़ी ज्यादा पावर और टॉर्क देता है। कार में फिलहाल 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया जाएगा। कंपनी ने अभी नए मॉडल का माइलेज भी नहीं बताया है। हालांकि, हाल में हुए फ्यूल टेस्ट के मुताबिक, E85 फ्यूल पर चलाने से कार के माइलेज में करीब 24% तक की गिरावट हो सकती है। स्टैंडर्ड पेट्रोल वैगन-आर मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ 23.56kmpl का माइलेज देती है। 2. एक्सटीरियर: रेगुलर मॉडल जैसा बॉक्सी लुक, ‘फ्लेक्स फ्यूल’ की बैजिंग नई वैगन-आर फ्लेक्स फ्यूल का ओवरऑल डिजाइन स्टैंडर्ड मॉडल जैसा ही है, लेकिन इसे एक अलग पहचान देने के लिए कुछ कॉस्मेटिक बदलाव किए गए हैं। रेगुलर मॉडल से इस स्पेशल वैरिएंट को अलग करने के लिए कंपनी ने इसकी बॉडी पर जगह-जगह ‘Flex Fuel’ के ग्राफिक्स दिए हैं। टेलगेट पर एक छोटा ‘Flex Fuel’ का क्रोम बैज भी लगाया है।
3. इंटीरियर: डुअल-टोन थीम के साथ मॉडर्न केबिन एक्सटीरियर की तरह नई वैगन-आर फ्लेक्स फ्यूल का अंदरूनी लेआउट भी इसके स्टैंडर्ड मॉडल जैसा रखा गया है। हालांकि, केबिन को ज्यादा प्रैक्टिकल और आरामदायक बनाने के लिए इसमें कई खास फीचर्स दिए गए हैं। 4. फीचर्स: 7-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम नई वैगन-आर फ्लेक्स फ्यूल एक बेहतरीन और फीचर-लोडेड पैकेज है। इसमें 7-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम है, जो वायर्ड एंड्रॉइड ऑटो और एपल कारप्ले को सपोर्ट करता है। इसमें 4-स्पीकर वाला साउंड सिस्टम भी है। कनेक्टिविटी के लिए सिस्टम में ही इनबिल्ट नेविगेशन की सुविधा है। केबिन को ठंडा रखने के लिए मैनुअल AC, स्टीयरिंग पर ही ऑडियो कंट्रोल्स (स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल्स) और चारों दरवाजों पर पावर विंडोज दी गई हैं। ड्राइविंग को आरामदायक बनाने के लिए टिल्ट एडजस्टेबल स्टीयरिंग व्हील और मैनुअल डे/नाइट IRVM दिया गया है। वहीं, इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल और पावर फोल्डिंग ORVMs मिलते हैं। 5. सेफ्टी: 6 एयरबैग और ईएसपी जैसे एडवांस्ड फीचर्स कार में सेफ्टी के लिए 6 एयरबैग्स, रियर पार्किंग सेंसर्स, सीटबेल्ट रिमाइंडर, स्पीड सेंसिटिव डोर लॉक, गाड़ी को फिसलने से बचाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP) और बेहतरीन ब्रेकिंग के लिए ABS के साथ EBD, चढ़ाई पर कार को पीछे लुढ़कने से रोकने के लिए इसमें हिल होल्ड असिस्ट (HHA) जैसे फीचर्स हैं। ———————— ये खबर भी पढ़ें… 85% एथेनॉल मिक्स वाला फ्लेक्स फ्यूल लॉन्च: दिल्ली में पहला पंप खुला; पेट्रोल से 20 रुपए सस्ता मिलेगा, कीमत ₹82.12 प्रति लीटर 85% एथेनॉल मिक्स वाला E85 फ्यूल दिल्ली में आधिकारिक तौर पर लॉन्च हो गया है। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इंडियन ऑयल (IOC) के पूसा रोड आउटलेट पर दिल्ली के पहले E85 फ्यूल डिस्पेंसिंग स्टेशन का उद्घाटन किया। खास बात ये है कि यह पेट्रोल से ₹20 प्रति लीटर सस्ता है। इससे न सिर्फ आम लोगों का गाड़ी चलाने का खर्च कम होगा, बल्कि कच्चे तेल के आयात पर देश की निर्भरता भी घटेगी। पूरी खबर पढ़ें…

Source: Click here