अब देश में लग्जरी क्रूज का अनुभव ले रहे लोग:गंगटोक से लेकर यूरोप तक बदली पसंद, युद्ध के असर ने पर्यटकों का रुख मोड़ा

Spread the love

इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण वैश्विक तनाव, युद्ध के माहौल के बीच यात्रियों की पसंद में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। एक ओर लोग गंगटोक, गोवा, केरल और दार्जिलिंग जैसे घरेलू पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता दे रहे हैं। वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूरोप, दक्षिण अफ्रीका की बुकिंग में उछाल आया है। इसके पीछे बड़ी वजह युद्ध के कारण पैदा हुई अस्थिरता और सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता है। जो गंतव्य पहले ज्यादा लोकप्रिय नहीं थे, वे अब तेजी से यात्रियों की पसंद बनते जा रहे हैं। ट्रैवल एजेंसी के मालिक रोहित खुराना ने बताया कि इस सीजन में यूरोप के देशों इटली, फ्रांस, स्विट्जरलैंड और फिनलैंड के लिए करीब 200 से 300 एडवांस बुकिंग हो चुकी हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के लिए भी 40 से 50 बुकिंग की गई हैं। इसके उल्ट मिडिल ईस्ट के देशों में पर्यटन को बड़ा झटका लगा है। घरेलू पर्यटन को मिला बढ़ावा लोग लग्जरी क्रूज का अनुभव लेने के लिए दुबई जाना पसंद करते थे, अब सुरक्षा व खर्च को देखते हुए देश में ही क्रूज यात्रा को प्राथमिकता दी जा रही है। कम लागत, आसान पहुंच और सुरक्षित माहौल के चलते लोग अब दुबई की बजाय देश में ही लग्जरी क्रूज जैसा अनुभव लेना पसंद कर रहे हैं। गोवा, मुंबई, केरल के लिए एडवांस बुकिंग करवा रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक वैश्विक स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक घरेलू पर्यटन को बढ़ावा मिलता रहेगा। युद्ध के कारण हवाई यात्रा हुई महंगी युद्ध का असर हवाई यात्रा पर भी पड़ा है। पहले यूरोप के लिए फ्लाइट टिकट 60 से 70 हजार रुपए में मिल जाते थे, लेकिन अब यह बढ़कर 1.20 लाख रुपए तक पहुंच गए हैं। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरलाइंस ने रूट में बदलाव किया है। पहले उड़ानें अबू धाबी और दुबई के रास्ते जाती थीं, लेकिन अब सीधे रूट अपनाए जा रहे हैं, जिससे किराया बढ़ गया है।

Source: Click here